बैलेट मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोप में पुलिस कांस्टेबल निलंबित
कोलकाता, 18 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच डाक मतपत्र मतदान में मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोप में कोलकाता पुलिस ने अपने एक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त की ओर से शनिवार को निलंबन आदेश जारी किया गया।
आदेश के अनुसार, मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक संबंधित कांस्टेबल निलंबित रहेगा। निलंबित कर्मी की पहचान मसूद करीम के रूप में हुई है। निलंबन अवधि के दौरान उसे आधा वेतन दिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, मसूद करीम पहले कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में तैनात था। चुनाव आयोग द्वारा फेरबदल किए जाने के बाद उसकी ड्यूटी हल्दिया उपमंडल दंडाधिकारी कार्यालय में लगाई गई थी।
राज्य में 13 अप्रैल से डाक मतपत्र के जरिए मतदान शुरू हुआ था। आरोप है कि हल्दिया उपमंडल दंडाधिकारी कार्यालय में डाक मतपत्र मतदान के दौरान उसने मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया। इसे गंभीर चुनावी अनियमितता माना गया है।
इसी आधार पर कोलकाता पुलिस मुख्यालय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया। चुनाव आयोग राज्य में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी बढ़ा रहा है। केंद्रीय बलों की तैनाती के साथ कई स्थानों पर निगरानी उपकरण भी लगाए गए हैं।
पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होना है। पहला चरण 23 अप्रैल को और दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। हल्दिया में पहले चरण में मतदान होगा, जबकि भवानीपुर में दूसरे चरण में वोट डाले जाएंगे। मतगणना चार मई को होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

