home page

एसआईआर का काम बंद, फिर भी रद्द नामों वाले मतदाताओं का ब्योरा जुटा रही पुलिस, लोगों में असमंजस

 | 

कोलकाता, 25 नवंबर (हि. स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम बंद होने की बात कही जा रही है, लेकिन दूसरी ओर मतदाता सूची से नाम हटाए गए लोगों का ब्योरा पुलिस जुटा रही है। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में असमंजस और चिंता का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि उसे ऊपर से निर्देश मिला है, जबकि जिला निर्वाचन अधिकारियों ने ऐसी किसी जानकारी से अनभिज्ञता जताई है। मामला हावड़ा सिटी पुलिस के अंतर्गत जगाछा थाना क्षेत्र के उन्सानी इलाके का है।

बुधवार को उन्सानी इलाके में कुछ पुलिसकर्मी स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाते नजर आए। पुलिस सभी मतदाताओं से नहीं, बल्कि उन लोगों से जानकारी ले रही थी, जिनके नाम एसआईआर की अंतिम सूची में शामिल नहीं थे। पुलिस की ओर से दस्तावेज मांगे जाने पर कई लोगों ने अपना मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड सहित अन्य कागजात उपलब्ध कराए। हालांकि, कुछ लोगों ने इस प्रक्रिया पर सवाल भी उठाए।

एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में बीएलओ से फोन पर बात की थी। बीएलओ ने उन्हें बताया कि एसआईआर का काम पूरी तरह बंद है। ऐसे में उन्होंने सवाल किया कि जब एसआईआर का काम बंद है तो पुलिस किस आधार पर जानकारी जुटा रही है। इस पर उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उन्होंने पुलिस को दस्तावेज देने से भी इनकार कर दिया। उनका कहना था कि पुलिस दस्तावेज लेने के बाद कोई प्राप्ति रसीद भी नहीं दे रही है। ऐसे में भविष्य में जरूरत पड़ने पर उनके पास दस्तावेज जमा करने का क्या प्रमाण रहेगा।

दूसरी ओर, पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर का दावा है कि इस संबंध में सभी थानों को निर्देश मिला है और उसी के अनुसार जानकारी जुटाई जा रही है। एसआईआर में जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, उनका ब्योरा एकत्र कर आगे भेजना है।

जगाछा थाना पुलिस के सूत्रों के अनुसार, करीब दो दिन पहले राज्य पुलिस की ओर से थानों को यह निर्देश मिला था। इसके बाद पुलिस ने जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एसआईआर में जिन मतदाताओं के नाम विचाराधीन थे, उनकी जानकारी एकत्र की जा रही है।

हालांकि, जिला निर्वाचन कार्यालय के एक कार्यवाहक अधिकारी ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि उन्हें पुलिस की ओर से इस तरह की जानकारी जुटाए जाने के संबंध में कोई सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में मतदान कर चुके कुछ लोगों को भी पुलिस की ओर से बुलाया जा रहा है और उनसे दोबारा दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। एक बुजुर्ग ने सवाल उठाया कि पिछली बार निर्वाचन आयोग की ओर से बीएलओ के माध्यम से मतदाताओं के नाम और दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया था, लेकिन इस बार पुलिस को सत्यापन की जिम्मेदारी क्यों दी गई है, यह समझ से परे है।

गौरतलब है कि राज्य में आगामी नगर निगम चुनाव से पहले मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का मुद्दा भी चर्चा में है। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने पिछले सोमवार को निर्वाचन आयोग को दो अहम निर्देश दिए थे। शीर्ष अदालत ने हाई कोर्ट के साथ विचार-विमर्श कर राज्य में एसआईआर ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने को कहा है। साथ ही निर्देश दिया है कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ दाखिल अपीलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। इसके बाद ही नाम शामिल किए जाने के खिलाफ दाखिल अपीलों पर सुनवाई की जाए। ऐसे में पुलिस की ओर से दस्तावेज जुटाने की इस प्रक्रिया ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा