home page

टुलू मंडल की संपत्तियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बीरभूम में दो आलीशान भवनों और पार्किंग परिसर में छापेमारी

 | 
टुलू मंडल की संपत्तियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बीरभूम में दो आलीशान भवनों और पार्किंग परिसर में छापेमारी


कोलकाता, 30 जुलाई (हि. स.)। बीरभूम जिले के मोहम्मदबाजार में 28 करोड़ रुपये नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद होने के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए कारोबारी टुलू मंडल की संपत्तियों पर गुरुवार को व्यापक तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने सिउड़ी के सुभाषपल्ली स्थित उनके चार मंजिला आवास, सोंतशाल स्थित एक अन्य मकान तथा मोहम्मदबाजार के एक पार्किंग परिसर में एक साथ छापेमारी की। टुलू मंडल बालू माफिया एवं पत्थर कारोबारी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुभाषपल्ली स्थित चार मंजिला भवन में आधुनिक सुविधाओं की भरमार है। भवन में लिफ्ट, जिम और महंगे फर्नीचर से सुसज्जित कमरे हैं। हालांकि विधानसभा चुनाव के बाद से टुलू मंडल यहां दिखाई नहीं दिए हैं और फिलहाल उनका कोई पता नहीं चल पाया है।

जांच दल में पुलिस उपाधीक्षक (डीईबी) सुरजीत मंडल, पुलिस उपाधीक्षक (सदर) सौरभ भट्टाचार्य, सिउड़ी थाने के प्रभारी शैलेंद्र उपाध्याय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई गिरफ्तार मिनार मंडल की संपत्ति और बरामद धन के स्रोत का पता लगाने के लिए की जा रही है। जांच में सामने आया है कि टुलू मंडल, मिनार मंडल के साले हैं और दोनों के आर्थिक संबंधों की भी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि बुधवार को मोहम्मदबाजार स्थित मिनार मंडल के घर से 28 करोड़ रुपये नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद किया गया था। इसके बाद गुरुवार को पुलिस ने मिनार मंडल को गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान पुलिस मिनार मंडल के घर से छह बड़े ट्रंक और दो अलमारियां भी जब्त कर अपने साथ ले गई। सूत्रों के अनुसार, इन्हीं ट्रंकों और अलमारियों में नकदी और सोना छिपाकर रखा गया था।

पुलिस का मानना है कि मामले में टुलू मंडल की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि, अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर