संशोधित :: मुर्शिदाबाद में पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 10 अवैध हथियार और 226 कारतूस बरामद; तीन गिरफ्तार
मुर्शिदाबाद, 22 अगस्त (हि.स.)। मुर्शिदाबाद जिले में पुलिस ने शुक्रवार रात दो अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बहरमपुर और शक्तिपुर थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में कुल 10 आग्नेयास्त्र, 11 मैगजीन और 226 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। अलग-अलग मामलों में कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पहली कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर बहरमपुर थाना पुलिस ने की। पुलिस हिरासत में मौजूद बहरमपुर शहर युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष पापाई घोष से पूछताछ के बाद उसके घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने 7 अवैध आग्नेयास्त्र, 5 मैगजीन और 186 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए।
तृणमूल नेता के घर से इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद होने की खबर से इलाके में हलचल मच गई है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन हथियारों को कहां भेजने की योजना थी और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
---
शक्तिपुर में भी हथियारों की बरामदगी
दूसरी कार्रवाई शक्तिपुर थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस ने पहले एक आरोपित को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर पुलिस को दो अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद बाजारसौ इलाके में राज्य राजमार्ग पर कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के पास से 3 आग्नेयास्त्र, 6 मैगजीन और 40 राउंड जिंदा कारतूस बरामद हुए।
प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों आरोपित बिहार के मुंगेर से हथियार लेकर आए थे। वे सुबह आजिमगंज होते हुए बाजारसौ स्टेशन पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, उनकी योजना रामनगर घाट पार कर पलाशी और बहरमपुर होते हुए ट्रेकर से जलंगी जाने की थी। हालांकि, बाजारसौ स्टेशन से रामनगर की ओर राज्य राजमार्ग के रास्ते पैदल जाते समय पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की इस तस्करी में और कौन लोग शामिल हैं तथा इतनी बड़ी संख्या में हथियार कहां पहुंचाए जाने थे। पुलिस को आशंका है कि जिले में हथियारों की आपूर्ति या किसी बड़ी आपराधिक साजिश की योजना हो सकती है।
दोनों मामलों को जोड़कर भी जांच की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत, संभावित खरीदारों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

