झड़प के बाद गोघाट के बर्मा गांव में पुलिस का ‘एक्शन’, कई हिरासत में
हुगली, 27 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के गोघाट थाना क्षेत्र के श्याओड़ा ग्राम पंचायत के बर्मा गांव में सोमवार शाम पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा अभियान चलाया। सुबह हुई झड़प के बाद पूरे दिन तनावपूर्ण माहौल बना रहा, जिसके बाद शाम होते ही पुलिस ने गांव में प्रवेश कर संदिग्धों के खिलाफ व्यापक तलाशी और धरपकड़ अभियान शुरू किया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार सुबह बर्मा गांव में अचानक एक झड़प की घटना हुई थी, जिसमें कुछ लोग घायल हुए थे। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए सुबह से ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था और पूरे दिन गांव को सुरक्षा घेरे में रखा गया।
सूत्रों के मुताबिक, अब तक कुल 17 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। शाम होते ही हुगली ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सनी राज के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें गांव में दाखिल हुईं और घर-घर जाकर संदिग्धों की तलाश की गई।
अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक सख्त रुख में नजर आए। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी चुनाव को देखते हुए प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना है और किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े होने के बावजूद यदि कोई व्यक्ति अशांति फैलाने में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कानून अपना काम करेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद बर्मा गांव में भय और तनाव का माहौल है। कई घरों में पुलिस की मौजूदगी देखी गई और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि प्रशासन का दावा है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और आगे किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निगरानी और बढ़ा दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

