प्रधानमंत्री की चिट्ठी के साथ श्रीरामपुर में घर-घर पहुंच रही भाजपा
हुगली, 24 फ़रवरी (हि. स.)। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में जनसंपर्क अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा महासचिव और रिषड़ा नगरपालिका के 11 नंबर वार्ड की पार्षद शशि सिंह झा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से जारी चिट्ठी को लेकर क्षेत्र में घर-घर पहुंच रही हैं और मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रही हैं।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, यह अभियान पार्टी की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत केंद्र सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और “परिवर्तन” के संदेश को सीधे आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। बांग्ला भाषा में लिखी गई प्रधानमंत्री की यह चिट्ठी स्थानीय मतदाताओं से भावनात्मक जुड़ाव बनाने और उन्हें आगामी चुनाव में भाजपा को समर्थन देने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस घर-घर संपर्क अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता मतदाताओं को चिट्ठी सौंप रहे हैं और केंद्र सरकार की योजनाओं—गरीब कल्याण, आवास, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और महिला सशक्तिकरण पर चर्चा कर रहे हैं। साथ ही, राज्य में कथित प्रशासनिक विफलताओं और विकास की आवश्यकता को भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है।
मंगलवार को शशि सिंह झा ने कहा कि प्रधानमंत्री की चिट्ठी पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए एक स्पष्ट संदेश है, जिसमें विकास, सुशासन और सुरक्षित भविष्य का भरोसा दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि जनता के बीच इस पत्र को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और लोग बदलाव के संदेश से जुड़ रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

