home page

आवास योजना के पैसे में जबरन वसूली करने वालों को रोककर रखें : कौस्तुभ बागची

 | 
आवास योजना के पैसे में जबरन वसूली करने वालों को रोककर रखें : कौस्तुभ बागची


कोलकाता, 29 नवंबर (हि. स.)। तृणमूल शासनकाल में आवास योजना के पैसे में जबरन वसूली करने को लेकर कई शिकायतें सामने आई थीं। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसे लेकर भाजपा के जनप्रतिनिधि सख्त रुख अपना रहे हैं। बैरकपुर के भाजपा विधायक कौस्तुभ बागची ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि आवास योजना के पैसे में यदि कोई जबरन वसूली करता है, तो उसे रोककर रखें। साथ ही, मकान निर्माण में सरकारी नियमों का उल्लंघन करने वाले लाभार्थियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी।

बैरकपुर नगर पालिका की ओर से विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया गया है, जो पांच दिसंबर तक चलेगा। इस शिविर में आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी सौंपे जा रहे हैं। इसी मौके पर विधायक कौस्तुभ बागची ने कहा कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी, नगर पालिका अधिकारी या किसी पार्टी का नाम लेकर आवास योजना के पैसे में जबरन वसूली करता है, तो इसकी जानकारी सीधे उन्हें दी जाए। उन्होंने लाभार्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार मकान बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि नियमों के विरुद्ध निर्माण करने पर लाभार्थियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाएगी।

विधायक ने पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में आवास योजना में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि इस योजना में अपात्र लोगों को लाभ दिया गया था। ऐसे लोगों को लाभार्थियों की सूची से हटाने की भी बात कही गई।

उल्लेखनीय है कि तृणमूल शासनकाल में राज्य के विभिन्न इलाकों में आवास योजना के पैसे को लेकर कई शिकायतें सामने आई थीं। कहीं नेताओं पर जबरन वसूली करने के आरोप लगे, तो कहीं दो मंजिला पक्के मकान के मालिकों के बैंक खातों में भी आवास योजना की राशि पहुंचने की शिकायतें हुईं। इस संबंध में विभिन्न जिलों में अनेक शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। कुछ शिकायतों का निपटारा हुआ, जबकि कई अब भी लंबित हैं। ऐसी अनियमितताओं को रोकने और आवास योजना का लाभ सही लोगों तक पहुंचाने को लेकर भाजपा सरकार सख्ती बरतने की बात कह रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा