अब्दारपुर में पीआईबी वार्तालाप, जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई
बीरभूम, 07 अगस्त (हि. स.)। प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी), कोलकाता की तरफ से शुक्रवार को बीरभूम जिलान्तर्गत अब्दारपुर में 'वार्तालाप' मीडिया कार्यशाला आयोजित के जरिए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यशाला में आयुष्मान भारत, जनगणना-2027, प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना, विकसित भारत-गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) तथा वित्तीय समावेशन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला का उद्घाटन पश्चिम बंगाल के कृषि मंत्री दूध कुमार मंडल ने किया।
कृषि मंत्री ने विकसित भारत-गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम-2025 को ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए किसानों के लिए संस्थागत ऋण, उर्वरकों की उपलब्धता, आधुनिक कृषि तकनीक और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर बल दिया।
पीआईबी के पूर्वी क्षेत्र के महानिदेशक टी. वी. के. रेड्डी ने कहा कि सामाजिक माध्यमों के दौर में प्रमाणिक सूचना का महत्व बढ़ गया है और पीआईबी सत्यापित सरकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभव्रत घोष ने बताया कि जिले के 27.58 लाख लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलेगा तथा 16 अगस्त से कार्ड वितरण शुरू होगा। यूको बैंक के अग्रणी जिला प्रबंधक नीरज कुमार ने जन धन, मुद्रा और बीमा योजनाओं की जानकारी दी।
वहीं, पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता परिमल सरकार ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत 78 हजार रुपये तक के अनुदान और बीरभूम से प्राप्त दो हजार 715 आवेदनों की जानकारी दी। अंत में संवाद सत्र में पत्रकारों ने विशेषज्ञों से विभिन्न योजनाओं पर सीधे चर्चा कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

