home page

सिलीगुड़ी में पीएचई-पीडब्ल्यूडी की समीक्षा बैठक, ‘हर घर जल’ और सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा

 | 
सिलीगुड़ी में पीएचई-पीडब्ल्यूडी की समीक्षा बैठक, ‘हर घर जल’ और सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा


सिलीगुड़ी, 20 सितंबर (हि. स.)। सिलीगुड़ी सर्किट हाउस में रविवार को लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पीएचई और पीडब्ल्यूडी मंत्री अजय पोद्दार ने की। बैठक में दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट और वित्त और परिवहन विभाग के राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन भी शामिल हुए।

बैठक में मुख्य रूप से ‘हर घर जल’ परियोजना की प्रगति के साथ-साथ क्षेत्र में चल रही सड़क और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की गई। चर्चा में दार्जिलिंग पहाड़, सिलीगुड़ी, तराई और डुआर्स क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया।

बैठक के बाद सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा सरकार हर गांव तक सड़क संपर्क, आवास, बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाएं, सुरक्षित पेयजल और स्वच्छता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना है, ताकि आम लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में इसका सीधा लाभ महसूस हो। बिष्ट ने क्षेत्र के लोगों के कल्याण को लेकर व्यक्तिगत रुचि लेने के लिए मंत्री अजय पोद्दार के प्रति आभार भी जताया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार