142 सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान के लिए गली-गली में उतरेगी सुरक्षा बल
कोलकाता, 26 अप्रैल (हि. स.)। पहले चरण का मतदान समाप्त होते ही चुनाव आयोग ने दूसरे चरण की तैयारियों को तेज कर दिया है। 142 विधानसभा सीटों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने पुलिस और केंद्रीय बलों को विस्तृत जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। रविवार को धनधान्य ऑडिटोरियम में आयोजित समन्वय बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति तय की गई।
आयोग के अनुसार, इस बार किसी भी तरह की अशांति रोकने के लिए सुरक्षा बलों को सिर्फ मतदान केंद्रों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि वे इलाकों की गलियों तक गश्त करेंगे। इसके तहत 160 मोटरसाइकिलों पर दो-दो जवानों की तैनाती की जाएगी, जो मोहल्लों में लगातार निगरानी करेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करेंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि मतदान से लेकर मतगणना तक भयमुक्त माहौल बनाए रखने के लिए हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर मतदान केंद्रों तक जाने वाले रास्तों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। क्विक रिस्पॉन्स टीम और पुलिस बल की तैनाती को लेकर भी विस्तृत योजना प्रस्तुत की गई।
आयोग ने पुलिस और सुरक्षा बलों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इस बैठक में कोलकाता के पुलिस आयुक्त, रिटर्निंग ऑफिसर, उत्तर और दक्षिण कोलकाता के जिला निर्वाचन अधिकारी, सामान्य पर्यवेक्षक और पुलिस पर्यवेक्षक मौजूद थे। साथ ही आयोग के विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता और विशेष पुलिस पर्यवेक्षक एन.के. मिश्रा भी शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल भी जिलों में लगातार दौरा कर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। रविवार को उन्होंने दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप में पहुंचकर उच्चस्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

