कंटेनर की टक्कर से घायल राजमिस्त्री की मौत
जलपाईगुड़ी, 23 नवंबर (हि. स.)। फूलबाड़ी में कंटेनर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल एक राजमिस्त्री की इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार तड़के उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। मृतक की पहचान फांसीदेवा ब्लॉक के रहमजोत गांव निवासी गौरांग के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह गौरांग रोजाना की तरह साइकिल से राजमिस्त्री का काम करने जा रहे थे। इसी दौरान फूलबाड़ी के अमाईदीघी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कंटेनर ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही फूलबाड़ी हाईवे ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंचे और घायल गौरांग को बरामद कर उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, इलाज के दौरान सोमवार तड़के उनकी मौत हो गई।
गौरांग की मौत की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। राजमिस्त्री का काम करके वह पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे।
उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

