home page

सिलीगुड़ी में जलजमाव से हाहाकार, पार्षद के खिलाफ प्रदर्शन

 | 
सिलीगुड़ी में जलजमाव से हाहाकार, पार्षद के खिलाफ प्रदर्शन


सिलीगुड़ी, 19 जून (हि. स.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 46 में लगातार बारिश के कारण हालात बेहद खराब हो गए हैं। भारी जलजमाव से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है, जिससे नाराज़ स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को पार्षद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

आरोप है कि वार्ड के पार्षद दिलीप बर्मन इस संकट के समय क्षेत्र में नजर नहीं आ रहे है। गुरुवार रात से ही लोग उनके घर के बाहर पहुंचकर संपर्क करने की कोशिश करते रहे, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

शुक्रवार सुबह गुस्साए स्थानीय निवासी और भाजपा के कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्षद के घर के सामने प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने चंपासारी रोड को जाम कर विरोध जताया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश में यह समस्या होती है, लेकिन जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। इस बार भी हालात बदतर हो गए है और लोग पानी में फंसे हुए हैं।

हालांकि कुछ देर बाद प्रदर्शन खत्म कर दिया गया, लेकिन लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही जल निकासी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

फिलहाल पार्षद से संपर्क नहीं हो पाया है, जिससे उनकी प्रतिक्रिया सामने नहीं आ सकी है। वहीं, स्थानीय लोग प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर राहत कार्य शुरू करने की मांग कर रहे है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार