अनधिकृत पेयजल बिक्री के खिलाफ खड़गपुर रेल मंडल का अभियान, 660 बोतलें जब्त
खड़गपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। रेलवे यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल ने अनधिकृत पैकेज्ड पेयजल की बिक्री और परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को सांतरागाछी स्टेशन यार्ड में वाणिज्य विभाग ने विशेष जांच के दौरान स्थानीय स्तर के एक अनधिकृत ब्रांड की पैकेज्ड पेयजल की 55 पेटियां जब्त कीं। इनमें कुल 660 बोतलें थीं।
मंडल प्रशासन ने बताया कि यात्रियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा रेलवे के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख स्टेशनों और रेलगाड़ियों में नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत खड़गपुर, सांतरागाछी और शालीमार सहित प्रमुख स्टेशनों तथा 12860, 12813, 17065 सहित कई महत्वपूर्ण रेलगाड़ियों में विशेष जांच की गई। इस दौरान अनधिकृत पैकेज्ड पेयजल और अन्य अवैध खानपान सामग्री की बिक्री एवं ढुलाई पर निगरानी रखी गई।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि रेलवे परिसरों और रेलगाड़ियों में केवल स्वीकृत ब्रांड के पैकेज्ड पेयजल की बिक्री की अनुमति है। अनधिकृत अथवा अस्वीकृत पेयजल की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित है, क्योंकि इससे यात्रियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

