home page

कई करोड़ की साइबर ठगी केस में उद्योगपति पवन रुइया इको पार्क से गिरफ्तार

 | 
कई करोड़ की साइबर ठगी केस में उद्योगपति पवन रुइया इको पार्क से गिरफ्तार


कोलकाता, 31 मार्च (हि.स.)। कई करोड़ रुपये की कथित साइबर ठगी के मामले में उद्योगपति पवन रुइया को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। कोलकाता के इको पार्क इलाके से साइबर क्राइम ब्रांच ने जेसप कंपनी के मालिक रुइया को हिरासत में लिया।

इससे पहले 315 करोड़ रुपये के साइबर धोखाधड़ी मामले में भी पवन रुइया का नाम सामने आया था, जिसमें उनके परिवार के सदस्य भी आरोपित थे। हालांकि, पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद रुइया ने कोलकाता हाई कोर्ट का रुख किया था और अग्रिम जमानत की अर्जी दी थी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया था।

हाई कोर्ट में राज्य सरकार ने उनकी जमानत का विरोध करते हुए सवाल उठाया था कि खुद को उद्योगपति बताने वाले रुइया का वास्तविक योगदान क्या है। राज्य का आरोप था कि उन्होंने डनलप और जेसप जैसे कारखानों को खरीदकर उनकी मशीनरी बेच दी, जिसके चलते सरकार को हस्तक्षेप करना पड़ा।

वहीं, बचाव पक्ष के वकील ने दलील दी थी कि रुइया परिवार तीन पीढ़ियों से राज्य में रह रहा है और उनके सभी व्यवसाय कानूनी हैं। अंततः अदालत ने कुछ शर्तों के साथ पवन रुइया और उनके परिवार के सदस्यों को अग्रिम जमानत दे दी थी।

गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2016 में भी जेसप के विभिन्न कारखानों से मशीनरी चोरी के आरोप में पवन रुइया को गिरफ्तार किया गया था। उस समय सीआईडी ने उन्हें दिल्ली से हिरासत में लिया था। रेलवे ने राज्य के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर जेसप को सप्लाई किए गए लगभग 50 करोड़ रुपये के सामान के बारे में जानकारी मांगी थी। इसके बाद राज्य की जांच एजेंसियों के साथ रेलवे अधिकारियों ने दमदम स्थित बंद जेसप फैक्ट्री का निरीक्षण किया, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय