home page

पतीराम में ढाई सौ रुपये से ज्यादा पेट्रोल नहीं, लोगों में गुस्सा

 | 
पतीराम में ढाई सौ रुपये से ज्यादा पेट्रोल नहीं, लोगों में गुस्सा


दक्षिण दिनाजपुर, 01 मई (हि. स.)। जिले के पतीराम, पागलिगंज और बोल्ला इलाके के पेट्रोल पंपों पर इन दिनों तेल लेने को लेकर सख्त पाबंदियां लगा दी गई है, जिससे आम लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है। बाइक चालकों को अधिकतम दो सौ से ढाई सौ रुपये तक ही पेट्रोल दिया जा रहा है, जबकि चार पहिया वाहनों के लिए यह सीमा एक हजार से डेढ़ हजार रुपये तय कर दी गई है। वहीं, ट्रकों को अधिकतम पांच हजार रुपये का डीजल ही मिल रहा है।

इस स्थिति से नाराज वाहन चालकों का कहना है कि उन्हें पिछले तीन दिनों से रोज-रोज पेट्रोल पंप के चक्कर लगाने पड़ रहे है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ रहे है।

बाइक चालक विशाल साहा, सुजय दास और सुप्रियो साहा ने बताया कि दो सौ रुपये से ज्यादा पेट्रोल नहीं दिया जा रहा, जिससे काफी दिक्कत हो रही है।

हालांकि, बाहिचार के रिलायंस पंप और कुमारगंज के मोहना पेट्रोल पंप पर ऐसी कोई पाबंदी नहीं है। एक जगह कमी और दूसरी जगह सामान्य आपूर्ति से लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई है।

पंप मालिक रुमु चौधरी और बादल कृष्ण बर्मन का कहना है कि ऊपर से तेल की आपूर्ति कम हो रही है। कंपनी की ओर से कम मात्रा में तेल बेचने का निर्देश दिया गया है। लेकिन आम लोग इस दलील से संतुष्ट नहीं है।

कई लोगों का मानना है कि चुनाव के बाद कीमतें बढ़ने की आशंका में तेल का स्टॉक जमा कर संकट पैदा किया जा रहा है। कुछ लोग अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव को भी इसकी वजह मान रहे है।

जानकारी के अनुसार, पतीराम पंप पर 14 से 18 हजार लीटर तेल लाया जाता है, जो डेढ़ दिन में ही खत्म हो जा रहा है। वहीं, बोल्ला, मोहना और पागलिगंज के पंपों पर दो से तीन दिन में स्टॉक खत्म हो रहा है। डिपो से सप्लाई में भी अब ज्यादा अंतराल हो गया है।

दक्षिण दिनाजपुर पेट्रोल पंप एसोसिएशन के जिला सचिव काजल सरकार ने अलग वजह बताते हुए कहा कि जिन पंपों ने मासिक लक्ष्य पार कर लिया है, उन्हें इस महीने कम तेल बेचने के निर्देश दिए गए है। चुनाव के कारण बिक्री बढ़ी थी।

उन्होंने कहा कि नए महीने की शुरुआत के साथ स्थिति सामान्य हो जाएगी। फिलहाल, इस पाबंदी से आम लोगों में भारी नाराजगी है और सभी की मांग है कि जल्द से जल्द पेट्रोल-डीजल की सामान्य आपूर्ति बहाल की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार