अस्पताल की छत से कूदा मरीज, बाल-बाल बचा
पूर्व मेदिनीपुर, 23 फरवरी (हि. स.)। जिले के कांथी उपमंडल अस्पताल में सोमवार दोपहर एक मरीज अस्पताल की छत से कूदने की घटना सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। हालांकि उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में बचा लिया गया, लेकिन घटना के बाद मरीजों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, करीब 50 वर्षीय उक्त व्यक्ति कुछ दिन पहले अस्वस्थता के कारण अस्पताल में भर्ती हुआ था। सोमवार दोपहर अचानक वह अस्पताल की छत पर चढ़ गया और नीचे छलांग लगा दी। अस्पताल कर्मियों के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। छलांग लगाने के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उसे उठाकर पुनः अस्पताल में भर्ती कराया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के समय अस्पताल के सुरक्षा कर्मी या प्रशासन का कोई प्रतिनिधि मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

