चुनाव से पहले पश्चिम मेदिनीपुर में 683 नई सड़कों के निर्माण को स्वीकृति
पश्चिम मेदिनीपुर, 09 मार्च (हि. स.)। जिले में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सड़कों की स्थिति एक बड़ा मुद्दा बनकर उभर रहा है। पिछले वर्ष बरसात के दौरान जिले के कई ग्रामीण इलाकों की जर्जर सड़कों को लेकर विरोध-प्रदर्शन और पथावरोध की घटनाएं सामने आई थीं। इसके मद्देनजर राज्य सरकार की ‘पथश्री-चार’ परियोजना के तहत जिले में बड़ी संख्या में नई सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी गई है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पश्चिम मेदिनीपुर जिले में इस परियोजना के तहत कुल 683 सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिली है। इन सड़कों की कुल लंबाई लगभग एक हजार किलोमीटर से अधिक बताई जा रही है और इसके लिए करीब 500 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
सोमवार जिला परिषद की सभाधिपति प्रतिभारानी माइती ने बताया कि अधिकांश सड़कों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और कई स्थानों पर निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि चुनाव से पहले अधिक से अधिक सड़कों का काम पूरा किया जाए।
प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक, शुरू में जिले को 659 सड़कों की स्वीकृति मिली थी, लेकिन गड़बेता, चंद्रकोणा, घाटाल, डेबरा और सबंग जैसे जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में पिछली बारिश में कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण बाद में संख्या बढ़ाकर 683 कर दी गई।
इनमें से 682 सड़कों को टेंडर प्रक्रिया में शामिल किया गया है, जबकि 653 सड़कों का टेंडर पूरा हो चुका है। अब तक 644 सड़कों के लिए वर्क ऑर्डर जारी किया गया है। इनमें से 28 सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है और बाकी सड़कों पर काम जारी है। सड़क निर्माण का कार्य जिला परिषद, ब्लॉक प्रशासन, एसआरडीए और एमबीएल जैसी एजेंसियां कर रही हैं।
हालांकि विपक्षी दलों ने चुनाव से पहले सड़कों के निर्माण की पहल पर सवाल उठाए हैं। भाजपा के मेदिनीपुर जिले के प्रवक्ता अरूप दास ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले सड़क निर्माण की घोषणा से लोगों को भ्रमित नहीं किया जा सकता और लोग पिछले वर्ष की समस्याओं को नहीं भूले हैं।
वहीं जिला परिषद का कहना है कि केवल पथश्री परियोजना ही नहीं, बल्कि आदिवासी विकास विभाग, अल्पसंख्यक विभाग और लोक निर्माण विभाग की ओर से भी जिले में खराब सड़कों के मरम्मत और निर्माण का काम किया जा रहा है, ताकि भविष्य में लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

