home page

आद्रा स्टेशन की लिफ्ट में फंसे यात्री, करीब तीन घंटे बाद सुरक्षित निकाले गए

 | 
आद्रा स्टेशन की लिफ्ट में फंसे यात्री, करीब तीन घंटे बाद सुरक्षित निकाले गए


पुरुलिया, 30 अगस्त (हि. स.)। आद्रा रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण एक बच्चे समेत कई महिला यात्री करीब तीन घंटे तक अंदर फंसे रहे। काफी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब सात बजे आद्रा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन और चार को जोड़ने वाली लिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में अटक गई। उस समय लिफ्ट के अंदर एक बच्चे समेत कई महिला यात्री मौजूद थीं। काफी देर तक लिफ्ट का दरवाजा नहीं खुलने के कारण अंदर फंसे यात्रियों में घबराहट फैल गई।

घटना की सूचना पाकर रेलवे प्रशासन के अधिकारी और आद्रा आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। कुछ देर बाद रेलवे के वरिष्ठ डीसीएम विकास कुमार समेत अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

लिफ्ट के अंदर फंसे यात्रियों तक रेलवे प्रशासन और आद्रा आरपीएफ की ओर से पानी की बोतलें और बिस्कुट भी पहुंचाए गए। रेलवे के अभियंताओं और आरपीएफ जवानों के करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद आखिरकार लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

एक यात्री झरना दास ने बताया कि वह सुबह सात बजे से लिफ्ट के अंदर फंसी थीं और करीब पौने दस बजे बाहर निकल सकीं। उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें काफी परेशानी हुई, लेकिन बाद में पानी मिलने से कुछ राहत मिली।

घटना के बाद यात्रियों ने लिफ्ट के रखरखाव और आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल उठाए। यात्रियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसी महत्वपूर्ण जगह पर लिफ्ट में तकनीकी खराबी आने के बाद लोगों का इतनी लंबी अवधि तक अंदर फंसे रहना गंभीर चिंता का विषय है। यात्रियों ने लिफ्ट की नियमित जांच और आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई एवं बेहतर व्यवस्था की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय