ट्रक की टक्कर से यात्री वाहन नाले में गिरा, बाल-बाल बचा चालक
जलपाईगुड़ी, 27 अक्टूबर (हि.स.)।राजगंज स्थित बाखोआबाड़ी में सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक मालवाहक ट्रक की टक्कर से छोटा यात्री वाहन सड़क किनारे नाले में जा गिरा। हालांकि, इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। वाहन चालक बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह एक यात्री वाहन जलपाईगुड़ी से सिलीगुड़ी की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक मालवाहक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी सड़क किनारे नाले में गिर गई।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, पीछा कर जोटियाकाली के पास से ट्रक को पकड़ लिया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

