पार्क स्ट्रीट में पुरानी इमारत का हिस्सा गिरा, टला बड़ा हादसा
कोलकाता, 03 मार्च (हि. स.)। कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में मंगलवार तड़के एक पुरानी इमारत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। घटना के समय इमारत में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इमारत का हिस्सा गिरने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई और स्थानीय लोग भयभीत हो गए।
घटना की सूचना पाकर पार्क स्ट्रीट थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके को घेरकर स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि 27 तारीख को कोलकाता में आए भूकंप के बाद से ही इमारत की संरचना कमजोर हो गई थी। उनका मानना है कि उसी के कारण मंगलवार सुबह इमारत का एक हिस्सा अचानक गिर पड़ा। घटना के बाद पूरे इलाके में काफी देर तक अफ़रा-तफ़री और चर्चा का माहौल बना रहा।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इमारत काफी पुरानी थी और मना करने के बावजूद लोग रहे थे।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

