पार्क इंस्टीट्यूशन की चार अन्य छात्राएं आरजी कर अस्पताल में भर्ती
कोलकाता, 11 अगस्त (हि. स.)। महानगर कोलकाता के पार्क इंस्टीट्यूशन फॉर गर्ल्स की चार और छात्राओं को मंगलवार सुबह आर.जी. कर अस्पताल के शिशु रोग विभाग में भर्ती कराया गया। इससे पहले सोमवार को इसी विद्यालय की 24 छात्राओं को बीमार होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सभी छात्राएं विद्यालय के छात्रावास में रहती हैं।
बताया गया है कि सोमवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्राएं छात्रावास पहुंचीं और भोजन करने के बाद एक साथ बीमार पड़ गईं। छात्राओं में बुखार, उल्टी, सिरदर्द, पेट दर्द और चक्कर आने जैसी शिकायतें थीं। एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं के बीमार होने से अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के जनस्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक के अनुसार, भोजन या पानी के कारण छात्राओं की तबीयत खराब होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि जांच रिपोर्ट आने के बाद बीमारी के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि घबराहट के कारण होने वाला मानसिक आघात भी ऐसी स्थिति का एक कारण हो सकता है।
सोमवार को भर्ती कराई गई 24 छात्राओं में से 21 को मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दिए जाने की बात सामने आई है। वहीं, तीन छात्राओं को अभी बुखार होने के कारण अस्पताल में रखा गया है। मंगलवार को भर्ती कराई गई चार नई छात्राओं में भी बुखार, उल्टी, सिरदर्द, पेट दर्द और चक्कर आने जैसे लक्षण पाए गए हैं। चिकित्सकों के अनुसार, यह पता लगाना जरूरी है कि बुखार किसी संक्रमण के कारण है या नहीं। रक्त जांच की रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल छात्राओं के एक साथ बीमार पड़ने के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

