पांसकुड़ा-दिघा सपेशल लोकल ट्रेन की अवधि 31 दिसंबर तक बढ़ी
कोलकाता, 31 अक्टूबर (हि.स.)। वर्षांत में पश्चिम बंगाल के समुद्र तटीय पर्यटन स्थल दिघा जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। दक्षिण-पूर्व रेलवे ने पांसकुड़ा-दिघा और दिघा-पांसकुड़ा स्पेशल लोकल ट्रेन के परिचालन की अवधि बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 तक कर दी है। पहले इन ट्रेनों का परिचालन 31 अक्टूबर तक निर्धारित था। रेलवे के इस फैसले से नवंबर और दिसंबर महीने में दिघा जाने वाले पर्यटकों और यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 08117 और 08118 नंबर की पांसकुड़ा-दिघा तथा दिघा-पांसकुड़ा स्पेशल लोकल ट्रेन अब दिसंबर के अंतिम दिन तक नियमित रूप से चलेगी। सर्दियों के मौसम में दिघा समुद्र तट पर पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह निर्णय लिया है।
दिघा में भगवान जगन्नाथ मंदिर के उद्घाटन के बाद से पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। रथयात्रा के समय यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे थे। इसके बाद त्योहारों का मौसम शुरू होने के साथ ही दिघा में पर्यटकों की आवाजाही लगातार बढ़ती रही है। सर्दियों में भी समुद्र तट पर पर्यटकों की भारी भीड़ रहती है। अंग्रेजी वर्ष के अंतिम दिनों तक यहां बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंचते हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या और अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण-पूर्व रेलवे पिछले कुछ महीनों में इस विशेष ट्रेन के परिचालन की अवधि कई बार बढ़ा चुका है।
इस बीच, पांसकुड़ा-हल्दिया-दिघा दक्षिण-पूर्व रेलवे यात्री कल्याण संघ ने इस स्पेशल लोकल ट्रेन को स्थायी रूप से चलाने की मांग उठाई है। संघ के सचिव सरोज कुमार घड़ा ने कहा कि बार-बार परिचालन की अवधि बढ़ाने के बजाय रेलवे को इस ट्रेन को स्थायी लोकल ट्रेन घोषित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों के मन में हमेशा यह चिंता बनी रहती है कि कहीं अचानक इस ट्रेन का परिचालन बंद न कर दिया जाए। हालांकि, फिलहाल अवधि बढ़ाए जाने के फैसले से यात्री संघ संतुष्ट है। उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में इस ट्रेन को नियमित रूप से चलाने की व्यवस्था की जाएगी।
संघ की ओर से हल्दिया-पांसकुड़ा और हल्दिया-मेदिनीपुर रेल मार्ग पर भी नई लोकल ट्रेनें चलाने की मांग की गई है। यात्री संगठनों का कहना है कि इन मार्गों पर लोकल ट्रेनों की सुविधा बढ़ने से दैनिक यात्रियों के साथ-साथ आम लोगों को भी काफी राहत मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

