home page

डायमंड हार्बर में मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे तृणमूल विधायक पन्नालाल, नहीं हो सकी भेंट

 | 
डायमंड हार्बर में मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे तृणमूल विधायक पन्नालाल, नहीं हो सकी भेंट


डायमंड हार्बर, 16 मई (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर में शनिवार को उस समय राजनीतिक चर्चा तेज हो गई जब तृणमूल कांग्रेस के विधायक पन्नालाल हाल्दार मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मिलने के लिए प्रशासनिक भवन पहुंचे। हालांकि दोनों की मुलाकात नहीं हो सकी।

दरअसल मुख्यमंत्री शनिवार को अपने जिला दौरे की शुरुआत अभिषेक बनर्जी के लोकसभा क्षेत्र डायमंड हार्बर से कर रहे थे। इसी दौरान प्रशासनिक भवन के बाहर तृणमूल विधायक पन्नालाल हलदार को फूलों का गुलदस्ता लेकर खड़े देखा गया।

पन्नालाल हलदार ने बताया कि वह एक विधायक के तौर पर मुख्यमंत्री का स्वागत करने और उन्हें धन्यवाद देने आए थे। उन्होंने कहा कि अगर मौका मिलता तो वह अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े कुछ मुद्दे भी मुख्यमंत्री के सामने रखते।

उन्होंने कहा, “मैं मुख्यमंत्री को फूल देकर सम्मान देना चाहता था, लेकिन जब तक मैं पहुंचा तब तक वह अधिकारियों के साथ बैठक के लिए ऊपर जा चुके थे। इसलिए मैं वापस लौट आया।”

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान पहले जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। इसके बाद उन्हें फलता क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की एक सभा में शामिल होना है। डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फलता में जल्द ही उपचुनाव होना है, जिसको लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

इस बीच तृणमूल विधायक के मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचने को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पन्नालाल हलदार ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि यह केवल शिष्टाचार भेंट थी और इसमें किसी तरह की राजनीति नहीं है।

उन्होंने कहा, “मैं अपने क्षेत्र का विधायक हूं। मेरे इलाके में मुख्यमंत्री आए हैं, इसलिए उनका स्वागत करना मेरा कर्तव्य और शिष्टाचार है। इसी वजह से मैं फूलों का गुलदस्ता लेकर उन्हें धन्यवाद देने आया था।”

पन्नालाल हलदार डायमंड हार्बर से लगातार दो बार तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री ने पहले उनसे डायमंड हार्बर में मिलने की बात कही थी।

हलदार ने कहा, “कल उन्होंने हाथ पकड़कर कहा था कि पन्ना दा आप जरूर रहिए। मैंने कहा था कि प्रोटोकॉल रहेगा, लेकिन उन्होंने फिर भी आने को कहा था। इसलिए मैं यहां आया था। हालांकि मुलाकात नहीं हो सकी।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता