पानीहाटी में सीईएससी की बहुमंजिली इमारत में लगी भयावह आग
उत्तर 24 परगना, 13 सितंबर (हि. स.)। राज्य में एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई है। पानीहाटी के धानकल मोड़ संलग्न इलाके में सीईएससी के एक बहुमंजिली इमारत में रविवार दोपहर भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। इस अग्निकांड में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, देखते ही देखते आग भवन के कई हिस्सों में फैल गई।
इसकी सूचना पाकर दमकल की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने युद्धस्तर पर आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। फिलहाल घटनास्थल पर दमकल की 10 गाड़ियां आग बुझाने के प्रयास में जुटी हैं। स्थिति को संभालने के लिए खड़दह थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। आग के कारण इलाके में भय का माहौल बन गया। इमारत के पीछे घनी आबादी वाली बस्ती होने के कारण आग को वहां फैलने से रोकने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रारंभिक तौर पर अनुमान लगाया जा रहा है कि सीईएससी के उक्त भवन के एक ट्रांसफॉर्मर में विस्फोट के बाद आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है। आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है।
इस बीच भाजपा के उत्तर कोलकाता उपनगरीय संगठनात्मक जिले के अध्यक्ष चंडीचरण राय भी घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल विभाग की ओर से आग पर काबू पाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
घटना के कारण व्यस्त बीटी रोड पर यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंचकर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

