तेंदुए के हमले से गांव में दहशत, मवेशी की मौत
अलीपुरद्वार, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिले के फालाकाटा ब्लॉक के बंशीधरपुर गांव में इन दिनों दहशत का माहौल है। पहले से ही हाथियों के आतंक से परेशान ग्रामीणों के सामने अब नया खतरा तेंदुए के हमले के रूप में सामने आया है।
रविवार देर रात गांव के दो घरों के ग्वाल घर (गोशाला) में तेंदुए के हमले में एक बछड़े और एक बकरी की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बंशीधरपुर निवासी संजय सरकार और परीक्षित दास के ग्वाल घर में तेंदुआ घुस आया। संजय के भाई तपन सरकार ने बताया कि रात में अजीब आवाज सुनकर जब वह टॉर्च लेकर बाहर निकले, तो देखा कि तेंदुआ एक बछड़े को पकड़कर ले जाने की कोशिश कर रहा था। लोगों की मौजूदगी का एहसास होते ही तेंदुआ वहां से भाग गया, लेकिन बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया और सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। वहीं, परीक्षित दास की एक बकरी को भी तेंदुए ने मार डाला।
गांव के पास ही जलदापाड़ा पश्चिम रेंज के जंगल होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ वहीं से आबादी वाले इलाके में आया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारियों ने तेंदुए के पैरों के निशान भी पाए है।
वन विभाग ने दोनों प्रभावित परिवारों को सरकारी नियमों के तहत मुआवजा देने का आश्वासन दिया है और आवश्यक फॉर्म भी उपलब्ध करा दिए गए है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

