संदिग्ध आर्टिलरी शेल मिलने से दहशत, सेना की टीम ने संभाला मोर्चा
सिलीगुड़ी, 10 मई (हि. स.)। सिलीगुड़ी में शनिवार देर रात एक संदिग्ध वस्तु मिलने से इलाके में बम जैसी दहशत फैल गई। घटना सिलीगुड़ी के प्रधानपाड़ा पाइपलाइन क्षेत्र की है, जहां स्थानीय लोगों ने सबसे पहले उस संदिग्ध वस्तु को देखा। देखते ही देखते पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना पाकर भक्तिनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया गया। हालात को देखते हुए बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों को भी तैनात किया गया।
बाद में सेना की बम निरोधक टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वस्तु को अपने कब्जे में लिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह एक आर्टिलरी शेल था।
सेना के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि सिक्किम में हाल ही में आई बाढ़ के दौरान यह विस्फोटक बहकर किसी के हाथ लग गया होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

