home page

फूलबागान रेलवे गेट बंद करने पहुंची टीम का विरोध, बैरंग लौटी रेलवे-आरपीएफ

 | 
फूलबागान रेलवे गेट बंद करने पहुंची टीम का विरोध, बैरंग लौटी रेलवे-आरपीएफ


दुर्गापुर, 28 नवंबर (हि.स.)।

पांडवेश्वर के फूलबागान रेलवे गेट बंद करने के रेलवे के फैसले के खिलाफ शनिवार सुबह पांडवेश्वर में स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। रेलवे और आरपीएफ की टीम जब फूलबागान रेलवे गेट बंद करने पहुंची, तो व्यापारियों, महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग तिरंगा लेकर विरोध में उतर आए। लोगों के भारी विरोध के बीच रेलवे की टीम को फिलहाल गेट बंद करने की प्रक्रिया रोककर बैरंग लौटना पड़ा।

दरअसल, पूर्व रेलवे की ओर से 28 नवंबर 2026 से पांडवेश्वर-डालुरबांध साइडिंग के बीच स्थित मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग को स्थायी रूप से बंद करने की अधिसूचना जारी की गई थी। रेलवे की ओर से आवागमन के विकल्प के तौर पर रोड ओवरब्रिज के जरिए एनएच-60 से होकर जाने का सुझाव दिया गया है। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि इस विकल्प से उन्हें करीब चार से पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानी होगी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, फूलबागान रेलवे क्रॉसिंग पांडवेश्वर के लिए बेहद महत्वपूर्ण रास्ता है। क्रॉसिंग के एक तरफ थाना, स्वास्थ्य केंद्र और स्कूल हैं, जबकि दूसरी तरफ मुख्य बाजार, पोस्ट ऑफिस और कॉलेज सहित कई महत्वपूर्ण संस्थान स्थित हैं। रोजाना हजारों विद्यार्थी, मरीज, व्यापारी और आम लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। ऐसे में बिना वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था किए रेलवे क्रॉसिंग बंद करने का फैसला लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

प्रदर्शनकारियों ने रेलवे से मांग की कि फूलबागान मोड़ से पहले वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की जाए, उसके बाद रेलवे गेट बंद करने पर विचार किया जाए। लोगों ने स्पष्ट कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के क्रॉसिंग बंद करने का फैसला स्वीकार नहीं किया जाएगा। विरोध के बाद रेलवे टीम को फिलहाल वापस लौटना पड़ा। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा