home page

11 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, दो गिरफ्तार

 | 
11 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, दो गिरफ्तार


हुगली, 29 अगस्त (हि.स.)। हुगली जिले के पांडुआ थाना क्षेत्र के निरोधगढ़ इलाके में 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के आरोप को लेकर शुक्रवार शाम से इलाके में तनाव फैल गया। मामले में स्थानीय एक मंदिर के सेवायत और एक महिला को पहले पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पांडुआ थाना की पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपितों को अदालत में पेश किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान गौतम राय (56) के रूप में हुई है। वह स्थानीय एक मंदिर में सेवायत के रूप में कार्य करता था। मामले में सहयोग करने के आरोप में रुपाली राय (36) नामक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है।

नाबालिग के परिवार का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से बच्ची मंदिर में फूल चुनने, बर्तन साफ करने सहित विभिन्न कार्यों में मदद करने के लिए जाती थी। परिवार का दावा है कि इसी का फायदा उठाकर आरोपित सेवायत और महिला ने बच्ची के साथ अपराध किया।

परिवार के अनुसार, घटना के बारे में किसी को बताने पर नाबालिग को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी। उसके माता-पिता को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दिए जाने का आरोप है। भय के कारण बच्ची ने शुरुआत में घटना के बारे में किसी को नहीं बताया। बाद में तबीयत खराब होने पर उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मां ने बच्ची के पिता को पूरी बात बताई।

घटना की जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंचने के बाद शुक्रवार शाम इलाके में तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोपित सेवायत से घटना को लेकर पूछताछ की। स्थानीय निवासियों का दावा है कि उसने आरोपों से इनकार किया, जिसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

सूचना मिलने पर पांडुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और उत्तेजित लोगों के बीच से गौतम राय और रुपाली राय को सुरक्षित निकालकर थाने ले गई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू की और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

स्थानीय लोगों ने नाबालिग के साथ अपराध को गंभीर और चिंताजनक बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि घटना में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपितों को शनिवार को अदालत में पेश किया। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय