home page

पांडवेश्वर में पंचपांडव जल परियोजना पर काम तेज, पेयजल संकट दूर करने की तैयारी

 | 
पांडवेश्वर में पंचपांडव जल परियोजना पर काम तेज, पेयजल संकट दूर करने की तैयारी


पश्चिम बर्दवान, 02 जून (हि. स.)। विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने बड़ा कदम उठाया है। क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए प्रस्तावित पंचपांडव जल परियोजना पर मंगलवार से काम तेज हो गया। परियोजना को लेकर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण (पीएचई) विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया और योजना का प्रारंभिक खाका तैयार किया।

मंगलवार को पीएचई विभाग के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सहित अन्य अधिकारियों ने पांडवेश्वर, नया डांगा और ओसीपी क्षेत्र का दौरा किया। प्रस्तावित योजना के तहत पांडवेश्वर में 12 डीप ट्यूबवेल के साथ एक पंपिंग स्टेशन बनाया जाएगा। नया डांगा क्षेत्र में 10 सरफेस ट्यूबवेल स्थापित किए जाएंगे, जबकि बहुला समेत ओसीपी क्षेत्र के दो स्थानों से पानी लेकर आपूर्ति व्यवस्था विकसित की जाएगी।

विधायक जितेंद्र तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के एक महीने के भीतर ही इस परियोजना को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि 18 जून से शुरू होने वाले विधानसभा के बजट सत्र और 22 जून को पेश होने वाले बजट में पंचपांडव जल परियोजना के लिए आवश्यक धनराशि का प्रावधान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि अगले 10 दिनों के भीतर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर कोलकाता भेज दी जाएगी। स्वीकृति मिलने के बाद बजट आवंटन के लगभग तीन से चार महीने के भीतर परियोजना का कार्य शुरू किया जा सकेगा।

विधायक ने कहा कि यदि दुर्गापूजा से पहले परियोजना का काम शुरू हो जाता है तो अगले वर्ष गर्मी के मौसम में पांडवेश्वर के लोगों को पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जो वादा करती है, उसे पूरा भी करती है और पंचपांडव जल परियोजना इसका उदाहरण बनेगी। उन्होंने कहा कि विभाग के उच्चाधिकारियों का स्वयं क्षेत्र में आकर निरीक्षण करना इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री और राज्य सरकार पांडवेश्वर की जल समस्या को गंभीरता से ले रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा