home page

पांडवेश्वर में ईसीएल कर्मचारी के घर और कार्यालय पर सीबीआई की छापेमारी

 | 
पांडवेश्वर में ईसीएल कर्मचारी के घर और कार्यालय पर सीबीआई की छापेमारी


पांडवेश्वर में ईसीएल कर्मचारी के घर और कार्यालय पर सीबीआई की छापेमारी


पश्चिम बर्दवान, 10 सितंबर (हि.स.)।

पश्चिम बर्दवान जिले के पांडवेश्वर स्थित साउथ श्यामला कोलियरी में बुधवार की देर रात को केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। सीबीआई की टीम ने कोलियरी में कार्यरत ईसीएल कर्मचारी शंकरण हरिजन के घर और कार्यालय में एक साथ तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई कथित तौर पर नाइट ड्यूटी दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत से जुड़ी बतायी जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, साउथ श्यामला कोलियरी में कार्यरत एक बीमार कर्मचारी ने नाइट ड्यूटी के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि उसके आवेदन पर कार्रवाई करने और नाइट ड्यूटी दिलाने के बदले कथित तौर पर पैसे की मांग की गयी। इसी संबंध में शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की और बुधवार को पांडवेश्वर पहुंचकर संबंधित कर्मचारी के घर तथा कार्यालय में तलाशी ली।

सीबीआई अधिकारियों ने कई घंटे तक घर और कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, फाइलों तथा अन्य कागजात की जांच की। रिपोर्ट के अनुसार, तलाशी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किये जाने की बात सामने आयी है। हालांकि सीबीआई की ओर से बरामद सामग्री अथवा कार्रवाई के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी तत्काल सामने नहीं आयी है।

छापेमारी के दौरान शंकरण हरिजन अपने घर पर मौजूद नहीं थे। इसके बाद सीबीआई की टीम उनके बेटे पंकज हरिजन को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गयी।

सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद कोलियरी क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या मामला केवल एक कर्मचारी द्वारा कथित तौर पर नाइट ड्यूटी के नाम पर पैसे मांगने तक सीमित है या इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका भी सामने आती है। जांच एजेंसी द्वारा जब्त किये गये दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर आगे की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

फिलहाल पूरे मामले में यह स्पष्ट होना बाकी है कि कथित रिश्वत की मांग किस स्तर पर की गयी थी, शिकायत के आधार पर सीबीआई ने कौन-सी कार्रवाई शुरू की है और तलाशी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज मिले हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में केवल संबंधित कर्मचारी की भूमिका है या अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा