home page

पांडेश्वर विधानसभा सीट के उम्मीदवार जितेंद्र तिवारी ने निकाली विशाल रैली

 | 
पांडेश्वर विधानसभा सीट के उम्मीदवार जितेंद्र तिवारी ने निकाली विशाल रैली


आसनसोल, 30 मार्च (हि. स.)। पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और पूर्व विधायक जितेंद्र तिवारी ने सोमवार को एक विशाल रैली का नेतृत्व किया। इस रैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए, जिससे क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज होती नजर आई।

रैली के दौरान तिवारी ने पांडवेश्वर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रैली में उमड़ी भीड़ यह संकेत दे रही है कि जनता परिवर्तन चाहती है और अपना मन बना चुकी है।

पत्रकारों से बातचीत में जितेंद्र तिवारी ने चुनाव के दौरान शांति बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह किसी भी प्रकार की हिंसा नहीं चाहते। उनके अनुसार, किसी भी राजनीतिक कार्यकर्ता का रक्तपात, पांडवेश्वर के ही एक युवक का रक्तपात जैसा है।

इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के नेता नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि किसी को खून बहाना ही है, तो उनका खून बहाया जाए, लेकिन किसी निर्दोष व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।

अंत में तिवारी ने सभी राजनीतिक दलों और समर्थकों से अपील की कि चुनाव लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो, ताकि आम जनता बिना डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा