home page

पांडवेश्वर में बंगाल पक्ष को बड़ा झटका, करीब 50 समर्थकों ने सामूहिक इस्तीफे का किया ऐलान

 | 
पांडवेश्वर में बंगाल पक्ष को बड़ा झटका, करीब 50 समर्थकों ने सामूहिक इस्तीफे का किया ऐलान


पश्चिम बर्दवान, 09 अगस्त (हि. स.)। बंगाली भाषा और बंगाल की संस्कृति को लेकर सक्रिय संगठन बंगाल पक्ष को पांडवेश्वर में बड़ा झटका लगा है। रविवार को संगठन से जुड़े करीब 50 समर्थकों ने एक साथ इस्तीफा देने की घोषणा की।

हरिपुर स्थित विधायक सेवा केंद्र में भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी की मौजूदगी में जिला कमेटी के सदस्य भास्कर मुखर्जी के नेतृत्व में इन समर्थकों ने बंगाल पक्ष छोड़ने की घोषणा की।

भास्कर मुखर्जी ने आरोप लगाया कि संगठन अपने मूल उद्देश्य से हटकर अब भाजपा विरोधी राजनीति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उनका कहना है कि बंगाली भाषा और बंगाल की संस्कृति के विकास के उद्देश्य से वे संगठन से जुड़े थे। लेकिन संगठन की वर्तमान गतिविधियों से असंतुष्ट होकर उन्होंने और उनके साथ जुड़े समर्थकों ने संगठन से अलग होने का फैसला किया है।

करीब 50 समर्थकों द्वारा एक साथ इस्तीफे की घोषणा को पांडवेश्वर में बंगाल पक्ष के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक समर्थकों द्वारा लगाए गए आरोपों पर तक बंगाल पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा