home page

वीबी-जी राम जी योजना के कार्यों में देरी का आरोप, तृणमूल संचालित पंचायतों पर उठे सवाल

 | 
वीबी-जी राम जी योजना के कार्यों में देरी का आरोप, तृणमूल संचालित पंचायतों पर उठे सवाल


पूर्व मेदिनीपुर, 13 नवंबर (हि. स.)। जिले के महिषादल विधानसभा क्षेत्र में वीबी-जी राम जी योजना के तहत विकास कार्यों में देरी का मामला सामने आया है। स्थानीय भाजपा विधायक सुभाषचंद्र पांजा ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस संचालित कुछ पंचायतों पर योजना के क्रियान्वयन में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि धन आवंटित होने के बावजूद पंचायतों की उदासीनता के कारण गांवों में कई जरूरी काम शुरू नहीं हो पा रहे हैं।

आरोप है कि इसके कारण ग्रामीण सड़कों का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था में सुधार, तालाबों का जीर्णोद्धार और कचरे की सफाई जैसे कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, जॉब कार्डधारकों को काम की आवश्यकता होने के बावजूद रोजगार नहीं मिल पा रहा है।

महिषादल विधानसभा क्षेत्र में महिषादल और हल्दिया दो प्रखंड आते हैं। महिषादल प्रखंड में 11 और हल्दिया प्रखंड में चार पंचायतें हैं। वर्ष 2023 के पंचायत चुनाव में अधिकांश पंचायतों पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी।

बताया गया है कि केंद्र की वीबी-जी राम जी योजना के तहत एक जुलाई से देश में 125 दिनों के रोजगार का प्रावधान लागू किया गया है। इस योजना के तहत पश्चिम बंगाल सहित 21 राज्यों में प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी निर्धारित की गई है। इससे पहले ग्रामीणों को 100 दिनों के रोजगार की व्यवस्था थी।

भाजपा विधायक सुभाषचंद्र पांजा ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से काम में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन तृणमूल संचालित कुछ पंचायतों के स्तर पर असहयोग के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को योजना के तहत रोजगार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, लेकिन कुछ पंचायतों में समस्याएं पैदा की जा रही हैं।

हालांकि, तृणमूल कांग्रेस संचालित पंचायतों ने इन आरोपों को खारिज किया है। महिषादल प्रखंड की लख्या-दो पंचायत के पूर्व प्रधान और वर्तमान सदस्य सुदर्शन मायती ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में पंचायत की ओर से कोई समस्या नहीं है। पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश और त्योहारों के कारण काम की गति धीमी हुई थी। त्योहार समाप्त होने के बाद काम में फिर तेजी आएगी।

महिषादल के प्रखंड विकास अधिकारी तापस मंडल ने बताया कि जिन क्षेत्रों में काम प्रभावित हो रहा है, वहां पंचायत सदस्यों और संबंधित अधिकारियों के साथ बातचीत कर जल्द कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, हल्दिया के प्रखंड विकास अधिकारी मृत्युंजय कार्यी ने कहा कि सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजना के काम में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता