home page

पूर्व मेदिनीपुर में अविश्वास प्रस्ताव पर बवाल, पंचायत अधिकारी की तबीयत बिगड़ी

 | 
पूर्व मेदिनीपुर में अविश्वास प्रस्ताव पर बवाल, पंचायत अधिकारी की तबीयत बिगड़ी


पूर्व मेदिनीपुर, 10 अगस्त (हि. स.)। जिले के शहीद मातंगिनी ब्लॉक की शांतिपुर-1 ग्राम पंचायत में सोमवार को अविश्वास प्रस्ताव को लेकर जमकर हंगामा हुआ। तृणमूल कांग्रेस द्वारा संचालित पंचायत के प्रधान के खिलाफ भाजपा ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। सोमवार सुबह 11 बजे विश्वास मत की प्रक्रिया निर्धारित थी।

भाजपा का दावा है कि दूसरे दलों के सदस्यों को अपने पक्ष में लाकर कुल 10 सदस्यों को मतदान के लिए उपस्थित कराया गया था। हालांकि, पंचायत प्रधान को हटाने के लिए 11 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता थी।

इसी बीच, आरोप है कि दोपहर करीब एक बजे तृणमूल कांग्रेस की एक महिला सदस्य को भाजपा कार्यकर्ता बैठक में लेकर पहुंचे। निर्धारित समय से करीब दो घंटे बाद उक्त सदस्य के बैठक में पहुंचने पर तृणमूल सदस्यों ने आपत्ति जताई।

इसे लेकर बैठक कक्ष के अंदर ही दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते हाथापाई की स्थिति बन गई। आरोप है कि हंगामे के दौरान बैठक की रिजॉल्यूशन बुक भी फाड़ दी गई।

बैठक में शहीद मातंगिनी ब्लॉक की पंचायत डेवलपमेंट ऑफिसर कृष्णा साहा भी मौजूद थीं। हंगामे के बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बैठक कक्ष में ही अस्वस्थ हो गईं। पंचायत कार्यालय में डॉक्टर को बुलाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एक नर्सिंग होम ले जाया गया।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

इससे पहले 31 जुलाई को कोलाघाट की वैष्णवचक ग्राम पंचायत में भी भाजपा द्वारा माकपा के प्रधान के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव विफल हो गया था। वहां भी विश्वास मत के दौरान भाजपा प्रधान को हटाने में सफल नहीं हो सकी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय