दिनहाटा में पंचायत प्रधान का चुनाव टला, भाजपा सदस्य के अनुपस्थित रहने पर कार्यकर्ताओं का सड़क जाम और हंगामा
कूचबिहार, 29 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के दिनहाटा महकमे की पेटला ग्राम पंचायत में गुरुवार को प्रधान का चुनाव नहीं हो सका है। भाजपा के एक सदस्य की अनुपस्थिति के कारण चुनाव प्रक्रिया बाधित हो गई। इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने दिनहाटा-गोसानिमारी राज्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, पेटला ग्राम पंचायत में कुल 29 सीटें थी। एक सदस्य के निधन के बाद वर्तमान में सदस्यों की संख्या घटकर 28 रह गई है। इनमें तृणमूल कांग्रेस के 23 और भाजपा के पांच सदस्य है। ब्लॉक प्रशासन की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार गुरुवार को प्रधान का चुनाव कराने के लिए अधिकारी पहुंचे थे। भाजपा के चार सदस्य उपस्थित हुए, लेकिन भाजपा के तपन बर्मन के अनुपस्थित रहने के कारण चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। चुनाव नहीं होने की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नाराजगी फैल गई। उन्होंने जयंत बर्मन को तत्काल प्रधान निर्वाचित करने की मांग करते हुए दिनहाटा-गोसानिमारी राज्य सड़क पर अवरोध शुरू की। इससे इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात बाधित हो गया।
सूचना पाकर भाजपा के सिताई विधानसभा क्षेत्र के तीन नंबर मंडल अध्यक्ष कृष्ण कमल बर्मन और कूचबिहार जिला सचिव ब्यूटी राय मौके पर पहुंचे। ब्यूटी राय ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें आश्वासन दिया कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ चर्चा कर जल्द ही इस गतिरोध को दूर करने और प्रधान चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराने की पहल की जाएगी। नेतृत्व के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम हटा लिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

