पानागढ़ में स्कूटी शोरूम में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप
पश्चिम बर्दवान, 01 सितंबर (हि. स.)। पानागढ़ के दार्जिलिंग मोड़ के पास मंगलवार तड़के एक स्कूटी शोरूम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की तेज लपटों ने तीन मंजिली इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में शोरूम में रखी कई स्कूटियां जलकर राख हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार, तीन मंजिली इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्कूटी शोरूम, प्रथम तल पर एक किड्स स्कूल और दूसरे तल पर एक परिवार रहता है। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे स्थानीय लोग टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्होंने दार्जिलिंग मोड़ के पास स्थित इमारत से आग की तेज लपटें निकलते देखीं।स्थानीय लोगों ने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को सतर्क किया और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और शोरूम में रखी स्कूटियां आग की चपेट में आ गईं। घटना की सूचना पाकर कांकसा थाने की पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि घटना के समय किड्स स्कूल बंद था। यदि उस समय स्कूल खुला होता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। वहीं, इमारत के ऊपरी हिस्से में रहने वाले परिवार को लेकर भी लोगों में चिंता का माहौल रहा।
आग से स्कूटी शोरूम को भारी नुकसान हुआ है। दमकल विभाग आग लगने की वजह की जांच कर रहा है। इस भीषण अग्निकांड के बाद पानागढ़ के दार्जिलिंग मोड़ से सटे इलाके में काफी देर तक दहशत का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

