home page

प्रिंसिपल पर छात्र की गला दबाकर पिटाई का आरोप, पानागढ़ में स्कूल में लोगों जताया विरोध

 | 
प्रिंसिपल पर छात्र की गला दबाकर पिटाई का आरोप, पानागढ़ में स्कूल में लोगों जताया विरोध


पश्चिम बर्दवान, 14 अगस्त (हि. स.)। दुर्गापुर के कांकसा थाना क्षेत्र के पानागढ़ में एक स्कूल में छात्र के साथ कथित मारपीट को लेकर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि दो छात्रों के बीच विवाद के बाद एक छात्र के अभिभावकों को स्कूल बुलाया गया था। इसी दौरान प्रिंसिपल ने अभिभावकों के सामने ही नौवीं कक्षा के छात्र को समझाने के नाम पर उसका गला दबाया और मारपीट की।

बताया गया कि घटना गुरुवार शाम की है। स्कूल में दो नौवीं कक्षा के छात्रों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद एक छात्र के अभिभावकों को स्कूल बुलाया गया। बातचीत के दौरान छात्र और प्रिंसिपल के बीच बहस हो गई। आरोप है कि इसी दौरान प्रिंसिपल ने छात्र का गला पकड़कर उसके साथ मारपीट की।

घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई। शुक्रवार सुबह स्कूल खुलने से पहले बड़ी संख्या में लोग स्कूल के आसपास जमा हो गए। इसी दौरान स्कूल पहुंचे एक शिक्षक को भी लोगों ने रोक लिया। स्कूल प्रबंधन की सूचना पाकर कांकसा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को वहां से सुरक्षित निकालकर स्थिति को नियंत्रित किया।

हालांकि पुलिस के लौटने के बाद स्थिति फिर बिगड़ गई। आक्रोशित लोगों के एक समूह ने स्कूल परिसर में प्रवेश कर कथित तौर पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इससे स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं में दहशत फैल गई। स्थिति बिगड़ने पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया।

पुलिस के डिप्टी कमिश्नर रासप्रित सिंह के अनुसार, दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था और बाद में प्रिंसिपल के साथ भी विवाद की स्थिति बनी। मामले में करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में तनाव बना हुआ है। छात्र के साथ कथित मारपीट और स्कूल में हुई तोड़फोड़, दोनों मामलों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा