home page

पानागढ़ वायुसेना स्टेशन के पास संदिग्ध सीसीटीवी कैमरा लगाने के आरोप में दो गिरफ्तार

 | 
पानागढ़ वायुसेना स्टेशन के पास संदिग्ध सीसीटीवी कैमरा लगाने के आरोप में दो गिरफ्तार


पश्चिम बर्दवान, 05 जून (हि. स.)। जिले के पानागढ़ वायुसेना स्टेशन की सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वायुसेना स्टेशन की सीमा से महज 10 मीटर की दूरी पर एक लंबे पाइप के सहारे सीसीटीवी कैमरा लगाया गया था, जिसके माध्यम से कई महीनों से एयरबेस के भीतर की गतिविधियों की रिकॉर्डिंग की जा रही थी। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने गैरेज मालिक मुन्ना पंडित और कैमरा लगाने वाले संदीप दुबे को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपित पानागढ़ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले वायुसेना अधिकारियों की नजर इस कैमरे पर पड़ी। जांच में पता चला कि कैमरा 360 डिग्री तक घूमने में सक्षम था और इसके जरिए वायुसेना स्टेशन के अंदरूनी हिस्सों तथा मुख्य प्रवेश द्वार की तस्वीरें रिकॉर्ड की जा रही थीं। इसके बाद वायुसेना प्रशासन ने कांकसा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कैमरे को जब्त कर तकनीकी जांच कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार स्वयं कांकसा थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपितों से पूछताछ की तथा सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कैमरा लगाने का उद्देश्य क्या था, फुटेज का उपयोग किस प्रकार किया जा रहा था और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।

गौरतलब है कि पानागढ़ क्षेत्र सैन्य दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। इससे पहले भी इस इलाके से राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। ऐसे में वायुसेना स्टेशन के निकट इस प्रकार का कैमरा मिलने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

स्थानीय निवासियों मोहम्मद शमीम और अब्दुल हबीब के अनुसार, बुधवार को पुलिस गैरेज पहुंची थी और वहां से सीसीटीवी कैमरा खोलकर अपने साथ ले गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा