पानागढ़ स्कूल में दो शिक्षिकाओं को कमरे में बंद रखने का आरोप, प्रधानाध्यापक की कार्यशैली पर उठे सवाल
पश्चिम बर्दवान, 07 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान पानागढ़ बाजार हिंदी बालिका विद्यालय में मंगलवार को उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब दो शिक्षिकाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें विद्यालय परिसर के एक कमरे में लगभग एक घंटे तक ताला लगाकर बंद रखा गया। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर कांकसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
शिक्षिकाओं का आरोप है कि विद्यालय की छुट्टी के बाद जब वे बाहर निकलने लगीं, तो मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। उन्होंने काफी देर तक अन्य शिक्षकों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन गेट नहीं खोला गया। इसके बाद उन्होंने अभिभावकों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर अभिभावक विद्यालय पहुंचे और ताला खुलवाकर दोनों शिक्षिकाओं को बाहर निकाला।
घटना के बाद विद्यालय परिसर में लोगों का आक्रोश देखने को मिला और प्रधानाध्यापक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।
वहीं, पानागढ़ बाजार हिंदी उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार पांडे ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया। उनका कहना है कि यह पूरी घटना गलतफहमी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित शिक्षिकाएं पहले उन्हें फोन करतीं, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। उनका आरोप है कि शिक्षिकाओं ने पहले बाहरी लोगों को सूचना दी, जिससे विवाद बढ़ गया।
प्रधानाध्यापक ने यह भी कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय के गेट पर ताला लगाया गया था, क्योंकि एक ही परिसर में तीन विद्यालय संचालित होते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आपसी बातचीत के माध्यम से इस पूरे मामले का समाधान निकाल लिया जाएगा।
फिलहाल इस घटना को लेकर विद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

