home page

पानागढ़ स्टेशन पर दून एक्सप्रेस से 10 किलो के दो कछुए बरामद, एक गिरफ्तार

 | 
पानागढ़ स्टेशन पर दून एक्सप्रेस से 10 किलो के दो कछुए बरामद, एक गिरफ्तार


पश्चिम बर्दवान, 02 जून (हि. स.)। पानागढ़ रेलवे स्टेशन पर दून एक्सप्रेस से मंगलवार सुबह दो विशालकाय कछुओं की बरामदगी से हड़कंप मच गया। मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जान्ना (62) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के अमेठी का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह कछुओं को कोलकाता ले जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह दून एक्सप्रेस पानागढ़ स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंची थी। इसी दौरान यात्रियों की नजर सीट के नीचे रखे एक बैग पर पड़ी, जो बार-बार हिल रहा था। बैग की गतिविधि देखकर यात्रियों को संदेह हुआ। शुरुआत में कई लोगों को लगा कि कहीं बैग के अंदर किसी बच्चे की तस्करी तो नहीं की जा रही है। इसके बाद यात्रियों ने मामले की सूचना स्टेशन पर मौजूद आरपीएफ कर्मियों को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम ट्रेन में पहुंची और संदिग्ध बैग की तलाशी ली। बैग खोलते ही उसके अंदर से दो बड़े आकार के कछुए बरामद हुए। दोनों कछुओं का कुल वजन लगभग 10 किलोग्राम बताया गया है। आरपीएफ ने एक वृद्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामद कछुओं को बाद में पानागढ़ वन विभाग के रेंजर के हवाले कर दिया गया।

फिलहाल वन विभाग के अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा