दिसंबर के पहले सप्ताह से शुरू होगी सरकारी धान खरीद, बिचौलियों को खाद्य मंत्री अशोक कीर्तनीय की सख्त चेतावनी
कूचबिहार, 13 नवंबर (हि. स.)। राज्य सरकार की प्रत्यक्ष निगरानी और पहल पर दिसंबर के पहले सप्ताह से सरकारी स्तर पर धान खरीद की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इस दौरान धान खरीद और संग्रहण प्रक्रिया में बिचौलियों या दलालों का किसी भी तरह का अवैध हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य के खाद्य मंत्री अशोक कीर्तनीय ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा।
शुक्रवार को खाद्य मंत्री ने कूचबिहार जिलाधिकारी कार्यालय में सरकारी धान खरीद कार्यक्रम और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन व्यवस्था) को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में खाद्य विभाग के विभिन्न स्तरों के अधिकारी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद खाद्य मंत्री अशोक कीर्तनीय ने बताया कि दिसंबर के पहले सप्ताह से धान खरीद की प्रक्रिया पूरी तरह शुरू हो जाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि किसान बिना किसी बिचौलिए या दलाल के सीधे सरकार को अपना धान बेच सकें और उन्हें अपनी फसल का उचित मूल्य समय पर मिल सके।मंत्री ने बिचौलियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग अवैध तरीके से इस प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अगर जेल की रोटी नहीं खाना चाहते हैं, तो किसी तरह की गड़बड़ी करने की कोशिश न करें। इसके साथ ही मंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि किसानों को उनकी उपज का भुगतान बिना किसी परेशानी के सीधे उनके बैंक खातों में सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिले की राशन व्यवस्था और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की भी विस्तार से समीक्षा की गई। खाद्य सुरक्षा और राशन सेवाओं को लेकर आम लोगों से मिली शिकायतों और समस्याओं की जल्द पहचान कर उनका समाधान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकारी धान खरीद से लेकर आम लोगों की राशन सेवाओं तक हर स्तर पर पारदर्शिता बनाए रखना और जनता की सुविधाओं को प्राथमिकता देना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

