निजी सहायक की खोज में अभिषेक बनर्जी के घर पर हुई पुलिस की छापेमारी, आखिरी लोकेशन कालीघाट
कोलकाता, 13 जून (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर शनिवार तड़के की गई पुलिस छापेमारी का मुख्य उद्देश्य उनके निजी सहायक सुमित राय की तलाश बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुमित राय के मोबाइल फोन की आखिरी टावर लोकेशन अभिषेक बनर्जी के घर पर मिली थी, जिसके आधार पर शालबनी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। कोलकाता पुलिस ने शालबनी थाने की मदद की है।
जानकारी के अनुसार, एक वित्तीय अनियमितता के मामले में पुलिस सुमित राय की तलाश कर रही है। हाल ही में भूमि भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार पूर्व विधायक सुजय हाजरा से पूछताछ के दौरान सुमित का नाम सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी के जरिए उसके मोबाइल की लोकेशन खंगाली, जिसमें अंतिम संकेत अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास से मिला।
इसी सूचना के आधार पर शालबनी थाना की एक टीम शनिवार तड़के करीब 3 बजे अभिषेक के पोटुआपाड़ा स्थित आवास पहुंची। पुलिस ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और अंदर मौजूद लोगों को आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर बाहरी दरवाजे का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद पूरे घर की तलाशी ली गई।
करीब 5 घंटे तक चले तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को सुमित राय नहीं मिला। सुबह लगभग 8 बजे पुलिस टीम बिना किसी गिरफ्तारी के वहां से लौट गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी सुबह अभिषेक के आवास पहुंचीं। पुलिस कार्रवाई समाप्त होने के बाद वह वहां से रवाना हो गईं। उन्होंने मीडिया के समक्ष कोई टिप्पणी नहीं की।
तलाशी के बाद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पुलिस ने ताला तोड़कर पूरे घर की तलाशी ली, लेकिन कुछ भी बरामद नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि पुलिस की पूरी कार्रवाई का रिकॉर्ड रखा गया है और इसे अनावश्यक उत्पीड़न बताया।
उल्लेखनीय है कि अभिषेक बनर्जी इन दिनों कई मामलों जांचों का सामना कर रहे हैं। विधानसभा हस्ताक्षर जालसाजी मामले में हाल ही में सीआईडी ने उनसे लंबी पूछताछ की थी। इसके अलावा उन्हें 14 जून को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया गया है, जबकि 15 जून को प्राथमिक शिक्षक भर्ती अनियमितता मामले में प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश होना है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

