home page

पुलिस-जनता के बीच बेहतर संबंध बनाने के लिए थाने में रक्तदान शिविर का आयोजन

 | 
पुलिस-जनता के बीच बेहतर संबंध बनाने के लिए थाने में रक्तदान शिविर का आयोजन


सिलीगुड़ी, 20 अगस्त (हि. स.)। पुलिस एवं आम लोगों के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से नक्सलबाड़ी थाने की पहल पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। लायंस क्लब के सहयोग से नक्सलबाड़ी थाना परिसर में गुरुवार को आयोजित इस शिविर में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।

शिविर में 100 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया था। रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए दार्जिलिंग पुलिस के नक्सलबाड़ी एसडीपीओ सौमजीत राय ने रक्तदाताओं को गुलाब का फूल और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे प्रदान किए। इस अवसर पर टुकड़ियाझाड़ वन विभाग के रेंजर सूरज मुखिया, व्यवसायी समिति के सदस्य और समाजसेवी भी मौजूद रहे।

एसडीपीओ सौमजीत राय ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पुलिस आम लोगों के करीब पहुंचना चाहती है। इसी उद्देश्य से समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से शिविर में हिस्सा लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार