home page

विश्व अंगदान दिवस पर सीएमआरआई अस्पताल में विशेष कार्यक्रम आयोजित

 | 
विश्व अंगदान दिवस पर सीएमआरआई अस्पताल में विशेष कार्यक्रम आयोजित


कोलकाता, 13 अगस्त (हि.स.)। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर कोलकाता के अलीपुर स्थित सीएमआरआई अस्पताल में गुरुवार को अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अंगदान के महत्व और इसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के बाद अंगदान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। डीएम हॉस्पिटल की डिरेक्टर अन्नपूर्णा मिश्रा भी कार्यक्रम में उपस्थित थीं।

कार्यक्रम में कंसर्न फॉर कोलकाता के अध्यक्ष नारायण जैन, संस्था के सदस्य तथा लायंस क्लब ऑफ कलकत्ता क्वेस्ट के अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद, सचिव एमडी फैयाज हनीफ समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर नारायण जैन ने कहा कि अंगदान महादान है। एक व्यक्ति के अंगदान से कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में अंगदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मानवीय पहल के लिए आगे आएं।

वक्ताओं ने कहा कि अंगदान केवल एक व्यक्ति की जिंदगी बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कई परिवारों को नई उम्मीद मिल सकती है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को अंगदान के महत्व के प्रति संवेदनशील बनाना और अधिक से अधिक लोगों को इस नेक कार्य से जोड़ना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर