home page

चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की नई पहल, किरायेदारों का ऑनलाइन पंजीकरण होगा

 | 
चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की नई पहल, किरायेदारों का ऑनलाइन पंजीकरण होगा


हुगली, 30 जुलाई (हि. स.)। चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट ने मकान मालिकों और किरायेदारों से संबंधित जानकारी व्यवस्थित करने के लिए ऑनलाइन किरायेदार पंजीकरण व्यवस्था शुरू की है। इस संबंध में पुलिस कमिश्नरेट की ओर से गुरुवार को अधिसूचना जारी की गई।

अधिसूचना के अनुसार, जिन मकान मालिकों ने किरायेदारों के साथ मौखिक या लिखित रूप से किराये का समझौता किया है, उन्हें अपने किरायेदारों से संबंधित विस्तृत जानकारी ‘चंदननगर ई-सेवा पोर्टल’ के ‘किरायेदार पंजीकरण’ पृष्ठ पर भरनी होगी।

इसके लिए गूगल पर ‘चंदननगर ई-सेवा पोर्टल’ खोजकर संबंधित लिंक के माध्यम से पोर्टल के मुख्य पृष्ठ पर जाना होगा। वहां दिए गए ‘किरायेदार पंजीकरण’ विकल्प पर क्लिक करना होगा।

पहली बार पोर्टल का इस्तेमाल करने वाले उपयोगकर्ताओं को ‘पंजीकरण के लिए यहां क्लिक करें’ विकल्प पर क्लिक कर अपना पंजीकरण पूरा करना होगा। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद ‘प्रवेश करें’ विकल्प के माध्यम से लॉग-इन कर ‘किरायेदार पंजीकरण’ पृष्ठ पर पहुंचा जा सकेगा।

पंजीकरण के दौरान मांगी गई सभी जानकारी भरने के साथ आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन की गई प्रतियां भी अपलोड करनी होंगी। पुलिस की अधिसूचना के अनुसार, प्रत्येक दस्तावेज की फाइल 200 किलोबाइट के भीतर होनी चाहिए।

सभी जानकारी और दस्तावेज अपलोड करने के बाद ‘जमा करें’ विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन संबंधित थाने के पोर्टल पर सत्यापन के लिए पहुंच जाएगा।

पुलिस के अनुसार, सत्यापन के दौरान यदि आवेदक द्वारा दी गई जानकारी सही पाई जाती है तो ऑनलाइन आवेदन स्वीकार कर लिया जाएगा। वहीं, जानकारी गलत पाए जाने पर आवेदन स्वीकार नहीं होगा और आवेदक अपने लॉग-इन के माध्यम से उसमें सुधार कर दोबारा प्रक्रिया पूरी कर सकेगा।

चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट ने मकान मालिकों से सभी जानकारी सही एवं पूरी तरह भरने और आवश्यक दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में अपलोड करने की अपील की है। साथ ही, आवेदन जमा करने से पहले सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच करने को कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय