home page

जलपाईगुड़ी के राजगंज ब्लॉक में केंद्रीय बलों ने किया रूट मार्च

 | 
जलपाईगुड़ी के राजगंज ब्लॉक में केंद्रीय बलों ने किया रूट मार्च


जलपाईगुड़ी, 2 मार्च (हि.स)। पश्चिम बंगाल में आगामी चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था लगातार कड़ी की जा रही है। इसी क्रम में जिले के राजगंज विधानसभा क्षेत्र के आमबाड़ी इलाके में केंद्रीय सुरक्षा बलों ने सोमवार को फ्लैग मार्च (रूट मार्च) किया। प्रशासन के अनुसार, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

सोमवार को केंद्रीय बलों के जवानों ने आमबाड़ी के बिजनेस कॉलोनी, सुदामगंज, वोटपाड़ा और साहेबपाड़ा सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च किया। इस दौरान स्थानीय थाना पुलिस भी उनके साथ मौजूद रही।

रूट मार्च में भोरर आलो थाना के प्रभारी अधिकारी (ओसी) और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे। जवानों और पुलिस अधिकारियों ने इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें भरोसा दिलाया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आएगी, वैसे-वैसे संवेदनशील इलाकों में निगरानी और गश्त और बढ़ाई जाएगी, ताकि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

गौरतलब है कि चुनावी माहौल में सुरक्षा बलों की सक्रियता को मतदाताओं में विश्वास बहाली और किसी भी प्रकार की अवांछित घटना को रोकने के लिए अहम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार