मरीज के परिजनों और पुलिस के बीच झड़प मामले में एक गिरफ्तार, तीन पुलिसकर्मी घायल
सिलीगुड़ी, 23 नवंबर (हि. स.)। सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में मरीज के परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई झड़प मामले में पुलिस ने मरीज के परिवार के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम विजय घोष है। वह सिलीगुड़ी के शांतिनगर इलाके का निवासी है। इस घटना में तीन पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार देर रात सिलीगुड़ी जिला अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में इस घटना की शुरुआत हुई। बताया जा रहा है कि उस समय इमरजेंसी विभाग में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे मरीज के परिजनों में नाराजगी फैल गई। इसी बात को लेकर अस्पताल परिसर में पहले कहासुनी शुरू हुई।
मामले की जानकारी मिलने पर अस्पताल के पुलिस कैंप में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की। हालांकि, आरोप है कि इस दौरान मरीज के परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच भी विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई।
आरोप है कि मरीज के परिवार के कुछ सदस्यों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। बाद में सूचना प सिलीगुड़ी थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिसकर्मियों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के बाद पुलिस ने मरीज के परिवार के एक सदस्य विजय घोष को देर रात गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

