home page

लॉरी की चपेट में आने से युवक की मौत

 | 

मालदा, 03 मार्च

(हि. स.)। दोल उत्सव के दिन ओल्ड मालदा में सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। मालदा-नालागोला राज्य मार्ग पर रायपुर इलाके में हुई इस दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमित गुप्ता (33) के रूप में हुई है। वह हबीबपुर ब्लॉक के आइहो सोनारपाड़ा इलाके के निवासी और पेशे से वाहन चालक था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब दस बजे वह दोल उत्सव के बीच अपना बकाया पैसा लेने बाइक से मालदा शहर जा रहे थे। रायपुर के पास पीछे से आ रही एक अन्य बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अमित सड़क पर गिर पड़े। उसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार लॉरी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और आरोपित लॉरी चालक की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पाकर मालदा पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने लॉरी को जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया।

परिवार के अनुसार, मृतक के घर में वृद्ध मां और एक छोटी बेटी है। परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य खोने से घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार