home page

कैमैक स्ट्रीट मामला : अभिषेक बनर्जी के घर नोटिस देने पहुंची पुलिस, बैरंग लौटना पड़ा

 | 
कैमैक स्ट्रीट मामला : अभिषेक बनर्जी के घर नोटिस देने पहुंची पुलिस, बैरंग लौटना पड़ा


कोलकाता, 07 अक्टूबर (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी के कैमैक स्ट्रीट स्थित कार्यालय से होर्डिंग (बिलबोर्ड) हटाने को लेकर हुए विवाद के मामले में शेक्सपियर सरणी थाने की पुलिस बुधवार शाम उनके कालीघाट स्थित आवास पर नोटिस देने पहुंची। हालांकि, घर पर किसी ने भी नोटिस स्वीकार नहीं किया, क्योंकि अभिषेक वर्तमान में दिल्ली में हैं।

जानकारी के अनुसार, पुलिस कैमैक स्ट्रीट मामले में डायमंड हार्बर के सांसद से दोबारा पूछताछ करना चाहती है। बुधवार शाम जब पुलिस अधिकारी उनके आवास पर पहुंचे, तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि सांसद शहर से बाहर हैं और घर पर नोटिस स्वीकार करने के लिए कोई उपयुक्त व्यक्ति नहीं है। इसके बाद पुलिस टीम को नोटिस लेकर बैरंग लौटना पड़ा।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस अधिकारियों की योजना अभिषेक को आगामी शुक्रवार (नौ अक्टूबर) को पूछताछ के लिए बुलाने की थी, लेकिन नोटिस तामील न हो पाने के कारण अब पूछताछ की तारीख को लेकर अनिश्चितता बन गई है।

गौरतलब है कि गत 27 अगस्त को कैमैक स्ट्रीट स्थित अभिषेक बनर्जी के कार्यालय की छत से एक बिलबोर्ड हटाने को लेकर भारी हंगामा हुआ था। इस दौरान पुलिस और कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों के साथ अभिषेक के समर्थकों की धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई थी। प्रशासन का आरोप था कि तृणमूल कांग्रेस के नाम और 'जोड़ा फूल' चुनाव चिह्न वाला यह बिलबोर्ड अवैध रूप से लगाया गया था और सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक था। होर्डिंग हटाए जाने के बाद समर्थकों ने वहां उसी नाम और चिह्न वाला एक बैनर लगा दिया था।

इस पूरी घटना को लेकर शेक्सपियर सरणी थाने में कुल तीन एफआईआर दर्ज की गई थीं, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। इनमें से एक मामले में पुलिस पहले ही अभिषेक बनर्जी को थाने बुलाकर कई घंटों तक लंबी पूछताछ कर चुकी है। पुलिस अब इसी मामले की आगे की जांच के लिए उन्हें दोबारा तलब करना चाहती है।

सूत्रों के अनुसार, अभिषेक बनर्जी इस समय दिल्ली में हैं, जहां वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ कांग्रेस सहित 'इंडी' गठबंधन के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं। वर्तमान में विपक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में कथित विसंगतियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए आंदोलन कर रहा है। इसके अलावा, राज्य की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना भी शुक्रवार को ही होनी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा