कोलकाता में पाइपलाइन फटने से जलापूर्ति बाधित, कई इलाकों में टैंकरों से भेजा जा रहा पानी
कोलकाता, 10 नवंबर (हि. स.)। उत्तर कोलकाता के टाला इलाके में सोमवार सुबह पुरानी पाइपलाइन फटने से शहर के कई इलाकों में जलापूर्ति बाधित हो गई है। कहीं पानी का दबाव काफी कम हो गया है, तो कहीं पूरी तरह से जलापूर्ति ठप है। इस समस्या से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए राज्य सरकार की ओर से विभिन्न इलाकों में पानी के टैंकर भेजने की व्यवस्था की गई है।
इस संबंध में मंगलवार को राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि टाला इलाके में फटी पाइपलाइन काफी पुरानी थी। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण कई इलाकों में लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों से पानी के टैंकर भेजने की मांग मिली है और प्रशासन की ओर से टैंकरों की व्यवस्था की जा रही है।
मंत्री ने प्रभावित लोगों से अपील की कि यदि उनके इलाके में अब तक पानी का टैंकर नहीं पहुंचा है या जलापूर्ति को लेकर किसी तरह की परेशानी हो रही है, तो वे इसकी जानकारी सरकार को दें। इसके लिए उन्होंने मोबाइल नंबर 9831127522 जारी किया है। इस नंबर पर फोन या व्हाट्सऐप के माध्यम से अपनी समस्या बताई जा सकती है।
अग्निमित्रा पाल ने बताया कि कोलकाता नगर निगम के अधिकारी मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। नगर निगम की आयुक्त स्मिता पांडेय और सहायक आयुक्त भी राहत एवं मरम्मत कार्यों की निगरानी में जुटे हैं।
उन्होंने कहा कि पाइपलाइन काफी बड़ी और पुरानी होने के कारण मरम्मत कार्य पूरा होने में कई दिन लग सकते हैं। इसके साथ ही नई व्यवस्था के तहत पुरानी पाइपलाइन की तुलना में लगभग दोगुने व्यास वाली पाइपलाइन लगाने की योजना है, जिससे पानी की आपूर्ति का प्रवाह और निरंतरता बेहतर हो सकेगी तथा भविष्य में इस तरह की समस्या की आशंका कम होगी।
मंत्री ने प्रभावित लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार नहीं चाहती कि किसी भी नागरिक को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़े। प्रशासन की ओर से वैकल्पिक जलापूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पाइपलाइन की मरम्मत के साथ-साथ प्रभावित इलाकों में टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

